Tuesday, November 21, 2017

छात्र-छात्राएं बिना कहीं आए-जाए, अपने गांवों और शहरों में रहते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें

राजस्थान की उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने कहा कि सरकार चाहती है प्रदेश के छात्र-छात्राएं बिना कहीं आए-जाए, अपने गांवों और शहरों में रहते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें, इसके लिए कॉलेज शिक्षा ने 'दिशारी' नाम से अनूठा एप लॉन्च किया है. इससे छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी हर तरह की मदद मिल सकेगी. उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार देश में केवल राजस्थान में ही हो रहे हैं.

मंत्री माहेश्वरी ने मंगलवार को सांइस एंड टेक्नोलॉजी पार्क में दिशारी एप और रुसा तथा नेक से संबंधित सूचनाओं को वेब मैप एप्लीकेशन की लॉन्चिंग कार्यक्रम में बोल रही थीं.

उन्होंने कहा कि कॉलेज शिक्षा विभाग ने 5 सितंबर को 'दिशारी' योजना का शुभारंभ किया था. इसमें सभी राजकीय महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 56 दिनों तक प्रशिक्षित फैकल्टी द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है. इस योजना में पहले 10 महाविद्यालयों में लागू किया गया.

उन्होंने कहा कि छात्रों ने इसके प्रति गजब का उत्साह दिखाया और बहुत कम समय में ही साढ़े तीन हजार से ज्यादा छात्रों ने इसमें पंजीकरण करवा लिया. अब शीघ्र ही इसे राज्य की 24 अन्य कॉलेजों में शुरू किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी कॉलेजों में दिशारी योजना चालू करने में समय लगेगा ऐसे में विभाग ने दिशारी एप लॉन्च किया ताकि प्रदेश का कोई भी छात्र अपने एंड्राइड मोबाइल के जरिए कहीं भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर सके.

कॉलेज शिक्षा आयुक्त आशुतोष पेंडणेकर ने कहा कि दिशारी एप वर्ल्ड क्लास एप है जो कि कॉलेज के छात्रों के किसी वरदान से कम नहीं होगा. आने वाले दिनों में इसे वेबसाइट पर भी लाया जाएगा. सरकार की कोशिश है कि कॉलेज से निकलने के बाद छात्र-छात्राएं 'जॉब सीकर' ना बनें बल्कि 'जॉब प्रोवाइडर' बनें.

एप के डिजाइनर मोहम्मद इमरान ने बताया कि यह एप के माध्यम से छात्रों को 9 हजार से ज्यादा संभावित सवाल, जॉब अलर्ट, मैथ, रिजनिंग, मॉक इंटरव्यू, वीडियो टिप्स, आगीमी परीक्षाओं की जानकारी, ऑनलाइन टैस्ट, करेंट अफेयर्स, हिंदी और कम्प्यूटर से जुड़ी अपडेटेड जानकारी मिल सकेगी. केवल कॉलेज के छात्र ही नहीं कोई भी छात्र इसके जरिए घर बैठे तैयारी कर पाएगा

No comments:

Post a Comment