"प्रिया" की नशीली आँखे लजालु नही लेकिन बेशर्म भी तो नही न।रातों रात इंटरनेट सेशन बनी मलयाली अभिनेत्री "प्रिया वरियर" की फिल्म "उरुआदार लव " के एक मिनिट के प्रोमो को दर्शकों का कमाल का रिस्पांस मिला । 24 घण्टे में 70 लाख व्यूज़ । फिल्म की यूनिट सकते में है कि एक छोटे बजट की मलयाली फ़िल्म के मात्र एक मिनिट के टीज़र जिसमें कि अभिनेत्री प्रिया को सिर्फ 30 सेकेंड .. जी सही पढ़ा आपने सिर्फ 30 सेकेंड के लिए दिखाया गया है को हिंदी भाषी दर्शकों द्वारा हाथों हाथ लिया गया जबकि इस मलयाली गीत का एक शब्द उनके पल्ले नही पड़ा । कभी कभी एक "हरकत" हज़ार लफ़्ज़ों से ज्यादा मुखर होती है । कभी-कभी भाव-भंगिमा जुबानी इज़हार से ज्यादा प्रभावी हो जाती है । यही इस गीत के साथ हो गया ।
18 वर्षीय प्रिया स्कूली छात्रा के किरदार में नायक "रौशन" को इशारों इशारों में चारों खाने चित्त करती है । उसकी ये अल्हड़ता , शोखी, ऊर्जा नायक के साथ साथ दर्शकों को भी गुदगुदा जाती है । स्कूल की भीड़ में सबकी नजर बचा नायक द्वारा बरौनियों के उत्थान-पतन से नायिका से की गई मीठी छेड़छाड़ में नायिका की अनपेक्षित शरारती प्रतिक्रिया देख नायक को तो हैरानी होती ही है अपितु दर्शक भी आश्चर्यमिश्रित हर्ष से भर जाते है । अप्रत्याशित नहले पे दहले से दोनों के मध्य की शुरुवाती झिझक खत्म करती कजरारी आँखों वाली नायिका की बेलाग स्वीकारोक्ति और इसका प्रदर्शन प्रेमी सहित दर्शकों का दिल लूट ले गयी । रौशन का झेंपते हुए गहरी साँस ले दोस्त के कंधे पर निढाल हो जाने की अदा उन्हें कई युवतियों का क्रश बना चुकी है ।दुनियादारी से दूर कच्ची उम्र की ये मासूम शैतानियाँ इतनी भली लगी कि लोगों के "शेयर" और "लाइक" की गर्मी से इंटरनेट पिघलने लगा । चमत्कारिक तरीके से साइबर वल्ड में प्रिया अपने 30 सेकेंड की उपस्थिति से विश्व की शीर्ष तीन सेलिब्रेटी में एक हो गयी । मात्र एक गीत की सफलता से फ़िल्म के भविष्य पर कोई टिप्पणी नही करूँगी क्योकि यह बहुत जल्दबाज़ी होगी । आपके मोबाइल पर हर मिनिट शेयर हो रहे मलयाली गीत का "अनकट हिस्सा " खास आपके लिए "वैनेनटाइन डे" गिफ्ट । (मधु)
No comments:
Post a Comment